विद्यालय से नदारद मिले प्रधानाध्यापक निलंबित
सुल्तानपुर। दूबेपुर विकासखंड क्षेत्र के बहरौली प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत प्रधानाध्यापक को बिना सूचना के अनुपस्थित रहने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। शिक्षक पर धनराशि होने के बावजूद ड्रेस वितरण में देरी करने का आरोप है।
दूबेपुर खंड शिक्षाधिकारी एसबी सिंह ने ग्राम प्रधान की शिकायत पर बीते 24 अगस्त को प्राथमिक विद्यालय बहरौली का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण में सुबह लगभग नौ बजे तक प्रधानाध्यापक प्रमोद कुमार विद्यालय में मौजूद नहीं थे और न ही उनके अवकाश से संबंधित प्रार्थनापत्र ही विद्यालय अथवा खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय को मिला था। विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को ड्रेस भी वितरित नहीं किया गया था। ग्राम प्रधान की ओर से की गई शिकायत सही पाए जाने पर खंड शिक्षाधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर बीएसए कौस्तुभ कुमार सिंह ने प्रधानाध्यापक प्रमोद कुमार को निलंबित कर दिया। प्रधानाध्यापक को निलंबन अवधि में भदैया विकासखंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय पुरुषोत्तमपुर द्वितीय से संबद्ध किया गया है। मामले में अखंडनगर खंड शिक्षाधिकारी गुलाबचंद्र को जांच अधिकारी नामित किया गया है।