बिना बिजली कनेक्शन
चलता मिला मोबाइल टॉवर
क्रासर
जोनल ऑपरेटिव समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
लंभुआ (सुल्तानपुर)। मंडलीय प्रवर्तन दल ने शुक्रवार को बधूपुर कस्बे में एक मोबाइल टॉवर पर छापा मार दिया। जांच के दौरान टॉवर बिना बिजली कनेक्शन के चोरी से चलाया जा रहा था। प्रवर्तन दल की तहरीर पर पुलिस ने मोबाइल कंपनी के जोनल ऑपरेटिव समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
तहसील के बधूपुर कस्बे के समीप इंडस टॉवर कंपनी का मोबाइल टॉवर है। बीते बुधवार को फ़ैजाबाद से आए प्रवर्तन दल प्रभारी विकास चंद्र मिश्र, जेईड रज़ेंद्र कुमार ने टॉवर परिसर में पहुंचकर जांच की थी। टॉवर को एलटी लाइन से जोड़कर चलाया जा रहा था। दल ने लाइन के केबल को अपने कब्जे में लिया था। शुक्रवार को प्रवर्तन दल प्रभारी व उपनिरीक्षक विकास चंद्र मिश्र की तहरीर पर कंपनी के तकनीक सहायक विजय बहादुर यादव, गार्ड अंशधर यादव व जोनल ऑपरेटिव मैनेजर अभिमन्यु सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।