स्कूल में मिली गंदगी तो नपेंगे गुरुजी
क्रासर
बीईओ देखेंगे स्कूलों की सफाई व्यवस्था
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर। परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षण सत्र शुरू होने के पूर्व ही सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश बीएसए ने दिया है। गंदगी मिलने पर संबंधित प्रधानाध्यापक के विरुद्घ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जिले के 612 उच्च प्राथमिक विद्यालयों एवं 1730 प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षण सत्र की शुरुआत एक जुलाई से होनी है। लगभग 40 दिन बंद रहे विद्यालयों के शिक्षण कक्षों एवं परिसर में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी प्रधानाध्यापकों को विद्यालय के शिक्षण कक्षों एवं परिसर की सफाई व्यवस्था शिक्षण सत्र शुरू होने के पूर्व सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है। साथ ही एमडीएम के बर्तन, रसोईघर एवं परिसर में जमा घास को भी हटाने को कहा गया है। बरसात के दिनों में जंगली जंतुओं से छात्र-छात्राओं को कोई खतरा न हो, इसके लिए सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया है। जिन विद्यालयों में गंदगी पाई जाएगी, वहां के प्रधानाध्यापक के विरुद्घ कार्रवाई की जाएगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कौस्तुभ कुमार सिंह ने बताया कि शिक्षण सत्र शुरू होने के पूर्व विद्यालयों की सफाई व्यवस्था के लिए सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया गया है। साथ ही सभी खंड शिक्षाधिकारियों को कहा गया है कि विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था की रिपोर्ट दें। विद्यालय के अध्ययन कक्ष अथवा परिसर में गंदगी मिलने पर संबंधित के विरुद्घ कार्रवाई की जाएगी।