कुमार विश्वास समेत सात के खिलाफ गैर जमानती वारंट
क्रासर-
कोर्ट में हाजिर नहीं होने पर सीजेएम ने अपनाया कड़ा रुख
कांग्रेस समर्थकों पर हमला कर पिटाई करने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर। अमेठी में वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस समर्थकों पर हमला कर पिटाई करने के मामले में कुमार विश्वास के कोर्ट में हाजिर नहीं होने पर सीजेएम ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। शुक्रवार को सीजेएम वीके आजाद ने आप नेता समेत सात आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया है। मामला अमेठी जिले के कमरौली थाने से जुड़ा है। मामले में अगली सुनवाई 10 दिसंबर को होगी।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी से वर्ष 2014 के लोकसभा चुुनाव में उनके खिलाफ आम आदमी पार्टी ने आप नेता कुमार विश्वास को मैदान में उतारा था। 14 मार्च 2014 को वे समर्थकों के साथ कमरौली थाने के सिंदुरवा गांव प्रचार करने गए थे। आरोप है कि आप प्रत्याशी ने कांग्रेस समर्थक फजील अहमद व दलित राम समुझ से आम आदमी पार्टी का प्रचार करने को कहा था। प्रचार करने से मना करने पर कुमार विश्वास व उनके समर्थकों ने फजील अहमद व राम समुझ पर हमला कर उनकी पिटाई कर दी थी। मामले में सिंदुरवा निवासी इशराक ठाकुर की तहरीर पर कमरौलीथाने में पुलिस ने कुमार विश्वास व उनके 65 अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस की चार्जशीट पर संज्ञान में लेने के बाद सीजेएम ने आरोपियों को तलब किया था। हाजिर नहीं होने पर बीते दो अगस्त 2017 को कोर्ट ने आप नेता समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया था।