गौरीगंज। समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद नरेश अग्रवाल की ओर से हिंदू देवी-देवताओं पर की गई टिप्पणी से नाराज हिंदु युवा वाहिनी कार्यकर्ता सोमवार को सड़क पर उतर आए। कार्यकर्ताओं ने सांसद का पुतला फूंका।
इसके बाद बैठक कर सांसद के खिलाफ आंदोलन की रणनीति तय की। आरोप है कि समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद नरेश अग्रवाल ने पिछले दिनों राज्यसभा मेें हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
नाराज कार्यकर्ता सोमवार को सड़क पर उतर आए। शहर स्थित चौक बाजार में बैठक कर कार्यकर्ताओं ने राज्यसभा सांसद पर कार्रवाई के लिए आंदोलन की रणनीति तैयार करते हुए शहर में जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन के बाद उनका पुतला फूंका।
इसके बाद कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल व मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर राज्यसभा सांसद पर कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर अशोक शुक्ल, जितेंद्र कौशल, उदय प्रताप सिंह, नीरज ओझा व सुनील मौजूद रहे।