शटडाउन के दौरान सप्लाई चालू होने से संविदा कर्मी झुलसा
अखंडनगर (सुल्तानपुर)। शटडाउन लेकर विद्युत पोल पर चढ़कर लाइन ठीक कर रहे एक संविदा कर्मी को करंट लग गया। उपकेंद्र पर मौजूद कर्मियों की ओर से सप्लाई चालू कर देने से यह हादसा हुआ। गंभीर हालत में संविदा कर्मी को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिवारीजनों ने संविदा कर्मी को अंबेडकरनगर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
अखंडनगर थाना क्षेत्र के बेहराभारी गांव निवासी फूलचंद विश्वकर्मा (25) पुत्र बसंतलाल पॉवर कॉर्पोरेशन में संविदा पर तैनात है। शुक्रवार की दोपहर फूलचंद अखंडनगर बाजार में विद्युत फॉल्ट ठीक करने गया था। फूलचंद शटडाउन लेने के बाद पोल पर चढ़कर फॉल्ट ठीक कर रहा था। तभी उपकेंद्र से सप्लाई चालू हो गई, जिससे फूलचंद को करंट लग गया। आनन-फानन में उसे सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फूलचंद के परिवारीजनों ने उसे अंबेडकरनगर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।