नगर निकाय चुनाव के नामांकन के तीसरे दिन भी अध्यक्ष पद के लिए कोई पर्चा नहीं भरा गया। नगर पालिका में सभासद के लिए शुक्रवार को 11 नाम निर्देशन पत्र भरे गए जबकि तीनों टाउन एरिया में सदस्य के लिए सिर्फ चार नामांकन हुए। नगर पंचायतों एवं नगर पालिका के लिए कार्य समाप्ति तक पर्चों की बिक्री होती रही। तीसरे दिन भी नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से निपट गई।
अध्यक्ष के बिके पांच पर्चे
नगर पालिका की कलेक्ट्रेट में चल रही नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन अध्यक्ष पद का कोई नामांकन पत्र नहीं दाखिल हुआ। मुख्य राजस्व अधिकारी की अदालत में चल रही अध्यक्ष पद की नामांकन प्रक्रिया के दौरान नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। एसडीएम/आरओ प्रमोद पांडेय ने बताया कि कार्यसमाप्ति तक पांच पर्चे बिके। शुक्रवार को तीसरे दिन नगर पालिका सभासद के लिए पांच कक्षों में चल रही नामांकन प्रक्रिया में विभिन्न वार्डों से 11 पर्चे भरे गए। कार्य समाप्ति तक सभासद पद के लिए 65 लोगों ने पर्चा खरीदा।
अध्यक्ष व सदस्य के बिके 19 पर्चे
नगर पंचायत कादीपुर की तहसील मुख्यालय पर चल रही प्रक्रिया में तीसरे दिन अध्यक्ष पद के तीन व सभासद के लिए 16 नामांकन पत्र बिके। एसडीएम/आरओ प्रिया सिंह ने बताया कि तीसरे दिन अध्यक्ष व सदस्य का कोई नामांकन दाखिल नहीं हुआ।
दोस्तपुर के लिए तीसरे दिन कोई नामांकन नहीं
कादीपुर के कम्युनिटी सेंटर में चल रही दोस्तपुर नगर पंचायत की नामांकन प्रक्रिया में तीसरे दिन कोई नाम निर्देशन पत्र नहीं दाखिल हुआ। आरओ रमेशचंद्र शुक्ल ने बताया कि दोस्तपुर में अध्यक्ष के लिए सात व सदस्य के लिए 36 पर्चों की बिक्री हुई। प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही।