मोतिगरपुर। दोस्तपुर-मोतिगरपुर मार्ग के चौड़ीकरण के लिए शुरू पेड़ों की कटान सदर विधायक की ओर से रोके जाने के बाद मंगलवार को वन विभाग और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने दोबारा नाप कर जांच की। जिसमें आठ किमी के हिस्से में चौड़ीकरण की जद में आने वाले 106 पेड़ मिले।
नाप व जांच के दौरान पहुंचे विधायक सदर राज प्रसाद उपाध्याय ने खनुहट के आगे के आठ किमी हिस्से की नाप के बाद पेड़ों की कटान के निर्देश दिए। प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग की ओर से दोस्तपुर-मोतिगरपुर की 16 किलोमीटर की लंबी सड़क का चौड़ीकरण 41.29 करोड़ रुपये कराया जा रहा है। पूर्व में हुई नाप में आठ किमी के हिस्से में चौड़ीकरण की जद में 107 पेड़ आ रहे थे। दोबारा सत्यापन व नाम में 106 पेड़ पूरे व एक पेड़ आधा आ रहा है।
जांच के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रवींद्र सिंह आर्या, जेई सुरेंद्र यादव, जेई रूप कमल सिंह बघेल, वन विभाग के रेंजर मोहम्मद जायर सहित अन्य मौजूद रहे। जेई रूप कमल सिंह बघेल ने बताया कि खनुहट के आगे माप पूरी होने के बाद पेड़ों की कटान होगी।