सुल्तानपुर। वर्ष भर कोई कार्य नहीं करने वाली 106 आशा बहुओं की सेवा समाप्त होगी। यह निर्देश सोमवार की शाम विकास भवन में जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने दिए। आशाओं को शत-प्रतिशत भुगतान नहीं करने के मामले में आठ चिकित्सा प्रभारियों को नोटिस जारी करने का भी निर्देश दिया है।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी अदिति सिंह ने पाया कि अखंडनगर, दोस्तपुर, बल्दीराय, भदैंया, जयसिंहपुर, धनपतगंज, कूरेभार व लंभुआ के प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों ने आशा बहुओं को शत-प्रतिशत भुगतान नहीं किया है। डीएम ने उनका भुगतान कराने एवं आठ प्रभारियों को नोटिस जारी करने का निर्देश सीएमओ को दिया। साल भर में कोई कार्य नहीं करने वाली 106 आशा बहुओं की सेवा समाप्त करने का निर्देश भी डीएम ने दिया है।
बैठक में संविदा कर्मियों के नियमित भुगतान पर डीएम ने जोर दिया। एंबुलेंस सेवा 102 व 108 की समीक्षा के दौरान डीएम ने सत्यापन रिपोर्ट नहीं देने वाले कूरेभार, बल्दीराय व मोतिगरपुर के एमओआईसी को आठ जुलाई तक अपनी आख्या उपलब्ध कराने को कहा है। मिशन इंद्र धनुष योजना के तीसरे चरण की खराब प्रगति पर सुल्तानपुर शहर, बल्दीराय व अखंडनगर के प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को भी चेतावनी दी गई है।
सीडीओ श्रीकांत मिश्र ने एएनएम व आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को पोषण मिशन कार्यक्रम में पूरा सहयोग करने का निर्देश दिया। इस मौके पर सीएमओ डॉ. केबी सिंह समेत संबंधित चिकित्सा अधिकारी व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।