सुल्तानपुर। जिले के 2342 परिषदीय विद्यालयों में एक करोड़ 47 लाख 70 हजार रुपये से पुस्तकालयों के लिए किताबें खरीदी जाएंगी। प्रति प्राथमिक विद्यालय पांच हजार एवं प्रति उच्च प्राथमिक विद्यालय 10 हजार रुपये इस मद में खर्च होंगे।
जिले में 1730 परिषदीय प्राथमिक विद्यालय व 612 उच्च प्राथमिक विद्यालय हैं। परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को उत्कृष्ट व आधुनिक शिक्षा मुहैया कराने के लिए केंद्र सरकार ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत पुस्तकालय अनुदान देने का निर्णय लिया है। इसके तहत प्रत्येक विद्यालय में पुस्तकालय बनाने का निर्देश दिया गया है।
प्रथम चरण में प्रत्येक प्राथमिक विद्यालय में पांच हजार व उच्च प्राथमिक विद्यालय में 10 हजार रुपये किताबों की खरीद पर खर्च होंगे। जिले के 1730 प्राथमिक विद्यालयों में पांच हजार रुपये प्रति विद्यालय की दर सेे 86,50,000 रुपये भेजे जाएंगे।
वहीं, 612 उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 10 हजार रुपये की दर से 61,20,000 रुपये दिए जाएंगे। इस धनराशि से एनसीईआरटी एवं एनबीटी अथवा अन्य सरकारी पब्लिकेशंस की ही किताबें खरीदी जाएंगी।
बीएसए कौस्तुभ कुमार सिंह ने बताया कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत पुस्तकालय अनुदान में मिली धनराशि का उपयोग नियमों के अनुसार ही करें। क्रय प्रक्रिया विद्यालय प्रबंध समिति की ओर से ही की जाएगी। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी में दोषी के प्रति कठोर कार्रवाई होगी।