चोरी की जीप व तमंचा समेत चार गिरफ्तार
गौरीगंज। अमेठी क्षेत्र में पुलिस ने शुक्रवार को जीप सवार चार बदमाशों को तमंचा, कारतूस व पुलिस की कई फर्जी आईडी के साथ पकड़ा है। आरोपियों में इनायतनगर के गांव ईंटगांव निवासी हिस्ट्रीशीटर अमित सिंह उर्फ कल्लू भी शामिल है।
अमेठी पुलिस व स्वॉट ने शुक्रवार सुबह देवी पाटन मंदिर के पास चेकिंग के दौरान एक जीप पर सवार संदिग्ध लोगों को पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान पूरे दत्ता थाना हलियापुर, सुल्तानपुर निवासी सूर्यभान पांडेय, अयोध्या के थाना इनायतनगर के ईंटगांव निवासी अमित सिंह उर्फ कल्लू, नीरज सिंह व वीर बहादुर सिंह के रूप में हुई। चारों के पास दो तमंचे, पांच कारतूस, तीन पुलिस की फर्जी आईडी व चोरी की जीप बरामद की।
एसपी अनुराग ने बताया कि अमित उर्फ कल्लू इनायतनगर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। इसके खिलाफ हत्या सहित कई मुकदमें दर्ज हैं। बरामद जीप पर फर्जी नंबर लिखा है। खुलासा करने वाली टीम को एसपी ने पांच हजार रुपये इनाम की घोषणा की है।