सखौली गांव में तेंदुए की आमद से दहशत
सुल्तानपुर। लंभुआ क्षेत्र में गोमती नदी के किनारे स्थित सखौली गांव के करीब तीन दिन से एक हिंसक जानवर की आमद से ग्रामीण डरे हैं। ग्रामीणों का दावा है कि एक तेंदुआ तीन दिन में कई बार आबादी के नजदीक तक आ चुका है। शोर मचाने पर वह भाग जाता है। बुधवार की रात ग्रामीणों ने तेंदुए को देखा तो उसकी घेराबंदी भी की।
सूचना यूपी 100 पर दी। लंभुआ व मोतिगरपुर की पीआरवी वाहन के साथ पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि तब तक तेंदुआ भाग निकला था। रात करीब 11 बजे वन अधिकारियों को सूचना मिली। डीएफओ एसएस पांडेय ने प्रभारी क्षेत्रीय वन अधिकारी एसपी मिश्रा को मौके पर भेजा।
वन कर्मियों की टीम हिंसक जानवर के पंजे के निशान खोजने के साथ जाल की व्यवस्था कर रही है। क्षेत्रीय वनाधिकारी एसपी मिश्रा ने बताया कि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि ग्रामीण जिस जानवर पर संदेह कर रहे हैं, वह तेंदुआ ही है। वन कर्मियों की टीम सखौली गांव में ही रहेगी। उधर सखौली गांव के लोगों ने एहतियात के तौर पर रात में चौकसी भी शुरू कर दी है।