दूसरे चरण में 12,538 किसान होंगे ऋणमुक्त
कर्जमाफी पर 57.18 लाख रुपये किए जाएंगे खर्च
फोटो - 39
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर। फसल ऋण मोचन योजना के दूसरे चरण में 12,538 किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। इन किसानों की कर्जमाफी पर 57.18 लाख रुपये खर्च होंगे। रविवार को योजना की जिला स्तरीय कमेटी की हुई बैठक में दूसरे चरण के किसानों की कर्जमाफी की रिपोर्ट को मंजूरी दे दी गई।
फसल ऋणमोचन योजना को लेकर रविवार को कलेक्ट्रेट में जिला स्तरीय कमेटी की बैठक हुई। इसमें दूसरे चरण के लिए चिह्नित किए गए किसानों की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी हरेंद्र वीर सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में बैंकों, कृषि विभाग व तहसीलों की रिपोर्ट पर चर्चा के बाद दूसरे चरण में 12,538 किसानों के फसली ऋणमाफी की मंजूरी दे दी गई। इन किसानों की फसली ऋण माफी पर 57.18 लाख रुपये खर्च होंगे। बैठक में डीएम ने चयनित किसानों की सूची की प्रिंटिंग निर्धारित समय में पूरा कराने का निर्देश दिया। बताया कि योजना के प्रमाणपत्रों का वितरण किसानों को कैंपों के जरिये किया जाएगा। प्रमाणपत्र वितरण के लिए 24 से 27 सितंबर के बीच कैंप आयोजित किए जाएंगे। उपजिलाधिकारियों को प्रमाणपत्रों के वितरण के लिए कैंप के स्थानों का चयन करने का निर्देश दिया गया है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी व प्रभारी अधिकारी रामयज्ञ मिश्र ने कहा ने अधिकारियों को कैंप की व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया है। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अमरनाथ राय, सदर एसडीएम प्रमोद पांडेय समेत सभी तहसीलों के एसडीएम, जिला कृषि अधिकारी विजय कुमार वर्मा समेत संबंधित लोग मौजूद रहे।