प्रेमी ने ही दोस्त से कराई महिला की हत्या
गिफ्ट की फरमाइश बनी वजह, प्रेमी और दोस्त गिरफ्तार, भेजे गए जेल
हत्या में प्रयुक्त तमंचा, मृतका का मोबाइल फोन व सिम कार्ड बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर । कुड़वार उद्यान विभाग के पास 10 दिन पूर्व महिला की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से हत्या में प्रयुक्त तमंचा, मृतका का मोबाइल फोन व सिम कार्ड के साथ ही खून से सनी उसकी पर्स भी बरामद किया है। एसपी ने बुधवार को बताया कि प्रेमिका के आए दिन मंहगे गिफ्ट मांगने से त्रस्त प्रेमी ने अपने दोस्त को सुपारी देकर हत्या कराई थी। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
कुड़वार क्षेत्र स्थित उद्यान विभाग के पीछे स्थित झाड़ियों में 30 जुलाई की शाम एक महिला का शव पाया गया था। उसकी गोली मारकर हत्या की गई थी। पुलिस को घटना स्थल से मृतका का आधार कार्ड मिला था। उसकी पहचान क्षेत्र के इसरौली गांव निवासी रोशनी उपाध्याय पत्नी प्रभूनाथ उपाध्याय के रूप में की गई थी। एसपी अमित वर्मा ने एसओ कुड़वार अजय प्रताप सिंह यादव व स्वॉट टीम प्रभारी सत्यप्रकाश सिंह को इसके खुलासे की जिम्मेदारी सौंपी थी। पुलिस वे फोन के सर्विलांस पर लगाकर जांच शुरू की। एसओ कुड़वार को मंगलवार को सूचना मिली कि हत्या में शामिल राजू वर्मा निवासी शिवबंस दूबे का पुरवा को पॉवर हाउस के पास देखा गया है। उन्होंने स्वॉट टीम प्रभारी के साथ छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में राजू ने बताया कि उसने ईश्वर कुमार उर्फ सुशील निवासी कस्बा कुड़वार के कहने पर हत्या की थी। इसके लिए ईश्वर कुमार ने उसे 40 हजार रुपये की सुपारी दी थी। ईश्वर ने रोशनी को 29 जुलाई को उद्यान विभाग के पास बुलाया था। रोशनी जब पहुंची तो राजू ने उसे गोली मार दी थी। इस खुलासे के बाद ईश्वर कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 12 बोर का तमंचा, रोशनी का मोबाइल फोन, सिम कार्ड, खून से सनी उसकी पर्स, लिपिस्टिक, बिंदी बरामद की गई। एसपी अमित वर्मा ने बताया कि ईश्वर से रोशनी का प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के बीच में अवैध संबंध भी थे। रोशनी आए दिन गिफ्ट की मांग करती थी। उसकी फरमाइश से छुटकारा पाने के लिए ईश्वर ने अपने दोस्त राजू वर्मा के साथ हत्या की साजिश रची और उसकी हत्या करवा दी।