हाईस्कूल गणित की परीक्षा में मंगलवार को एक केंद्र पर दूसरे छात्रों की परीक्षा देते 10 मुन्ना भाई पकड़े गए। पकड़े गए युवकों के खिलाफ केंद्र व्यवस्थापक ने अखंडनगर थाने में तहरीर दी है। वहीं एक केंद्र पर सचल दल के निरीक्षण के दौरान दो छात्र बेहोश हो गए।
जिले के 163 परीक्षा केंद्रों पर मंगलवार को पहली पाली में हाईस्कूल गणित एवं गृहविज्ञान की परीक्षाएं आयोजित थीं। अखंडनगर थाना क्षेत्र के हनुमत शिक्षण संस्थान इंटर कॉलेज रायपुर में केंद्र व्यवस्थापक अनुराग द्विेवेदी के निरीक्षण में 10 छात्रों के स्थान पर दूसरे परीक्षा देते पाए गए। मामले की सूचना केंद्र व्यवस्थापक ने डीआईओएस समेत उच्चाधिकारियों को दी। बड़ी संख्या में मुन्ना भाइयों के पकड़े जाने की सूचना पर शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। पकड़े गए युवकों के खिलाफ केंद्र व्यवस्थापक ने अखंडनगर थाने में तहरीर दी है। इस केंद्र पर अंबेडकर ज्योति इंटर कॉलेज कराई अखंडनगर के छात्रों की परीक्षा हो रही है। जिला विद्यालय निरीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की सूचना मिली है।
संबंधित केंद्र व्यवस्थापक से अग्रिम कार्रवाई के लिए विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। वहीं दूसरी ओर जिला विद्यालय निरीक्षक के नेतृत्व में सचल दल ने दूसरे के नाम पर परीक्षा देने की शिकायत मिलने के बाद बृजेश शिक्षण संस्थान उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैधन मोतिगरपुर का निरीक्षण किया, जहां एक छात्र को दौरा पड़ गया, वहीं शक के दायरे में आया एक और छात्र गश खाकर गिर पड़ा। डीआईओएस ने एंबुलेंस बुलाकर दौरा पडने वाले छात्र को चिकित्सालय भिजवाया।
4,771 ने छोड़ी परीक्षा
सुल्तानपुर। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय स्थित परीक्षा कंट्रोल रूम के प्रभारी भानुप्रताप सिंह के मुताबिक मंगलवार को यूपी बोर्ड परीक्षा की दोनों पालियों में 4,771 ने परीक्षा में हिस्सा नहीं लिया। पहली पाली में गणित में पंजीकृत 29,386 में से 2,976 अनुपस्थित रहे। वहीं गृहविज्ञान में पंजीकृत 18,764 में से 1,793 ने परीक्षा नहीं दी। दूसरी पाली में इंटरमीडिएट के संगीत वादन में पंजीकृत नौ में से दो ने परीक्षा छोड़ी। संगीत गायन में 35 में से कोई भी अनुपस्थित नहीं रहा।