सुल्तानपुर। गभड़िया रेलवे क्रॉसिंग के फ्लाई ओवर पर चल रहे मरम्मत कार्य से शहर लगातार जाम से जूझ रहा है। पांचवें दिन भी शहर समेत पयागीपुर चौराहे पर जाम की समस्या आम रही। मार्गों की कमी से रूट डायवर्जन से समस्या बढ़ गई है। भीड़ के दबाव से चौराहों व प्रमुख मार्गों पर किए गए यातायात के प्रबंध बेअसर साबित हुए।
गभड़िया रेलवे क्रॉसिंग के फ्लाई ओवर के चल रहे मरम्मत से जाम की समस्या यथावत बनी है। खासकर सुबह करीब नौ बजे से ही पयागीपुर से लेकर अमहट व वाराणसी मार्ग पर बाईपास के पास तक लंबा जाम लगने लगा है।
अमहट से लेकर वाराणसी मार्ग के बाईपास तक फोर लेन निर्माणाधीन होने की वजह से समस्या और बढ़ गई है। बस, ट्रक के साथ अन्य चार पहिया वाहनों का मार्ग पर अधिक दबाव होने से जाम की समस्या बढ़ गई है। इसमें शहर से होकर निकलने वाले वाहनों से दिक्कत और बढ़ गई है।
हालांकि जाम की समस्या को देखते हुए लखनऊ की तरफ निकलने वाली कुछ रोडवेज बसें कुड़वार मार्ग से गुजर रही हैं। इसके बाद भी दिक्कत कम नहीं हो रही है। बुधवार को पांचवें दिन भी शहर समेत पयागीपुर चौराहा भीषण जाम से जूझा।
शहर में दोपहर व शाम को प्रमुख मार्गों पर जाम की समस्या झेलनी पड़ी तो पयागीपुर चौराहे पर सुबह से लोग जाम से परेशान रहे। इधर, पांचवें दिन भी फ्लाई ओवर पर मरम्मत कार्य जारी रहा। पीडब्ल्यूडी की ओर लगाए कर्मियों ने तकरीबन एक लेन का एक्सटेंशन ज्वॉइंट खाली कर दिया है।