अमेठी। क्षेत्र में शारदा सहायक खंड 28 की माइनर की पटरी में पिसियांवा पूरे मल्लाह के गांव के पास शनिवार की रात कटान हो गई। कटान से करीब 10 बीघे की फसल जलमग्न हो गई। रविवार को सूचना के बाद भी सिंचाई विभाग के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। इसे लेकर ग्रामीणों में रोष रहा।
शारदा सहायक खंड-28 से संचालित माइनर की पटरी में शनिवार की रात पिसियांवा पूरे मल्लाह गांव के पास कटान हो गई। कटान स्थल के पास बनभरिया गांव के किसानों के खेत हैं।
कटान से करीब 10 बीघे की फसल जलमग्न हो गई। रविवार की सुबह कटान की जानकारी स्थानीय किसानों को हुई। किसानों ने बताया कि कटान से खेतों में बोई गई गेहूं व सरसों की फसलों का नुकसान हो गया है। गांव के बशीर, किशन आदि किसानों के खेतों की फसलें डूबी हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि रविवार की सुबह ही सिंचाई विभाग के अधिकारियों से शिकायत दर्ज कराई गई। फिर भी कोई अधिकारी मौके पर कटान बंधवाने के लिए नहीं पहुंचा। इस संबंध में तहसीलदार मुसाफिरखाना घनश्याम भारती ने बताया कि माइनर कटने की सूचना काफी विलंब से मिली है। जल्द सिंचाई विभाग की टीम भेजकर कटान बंद करवाया जाएगा।