अमेठी। औचक निरीक्षण में शनिवार को अनुपस्थित मिले जीजीआईसी जायस के तीन शिक्षणेत्तर कर्मियों को डीआईओएस ने निलंबित कर दिया है। साथ ही छुट्टी के दिन एमडीएम बनने के मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रधानाचार्य को रिकवरी नोटिस जारी करते हुए जवाब-तलब किया गया है।
डीआईओएस ने शनिवार दोपहर बाद जीजीआईसी जायस का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्कूल में कार्यरत शिक्षणेत्तर कर्मचारी अर्जुन, मो. सईद व दिलीप कुमार बिना अवकाश अनुपस्थित मिले थे। जूनियर तक अवकाश घोषित होने के बावजूद स्कूल में मध्याह्न भोजन बनता मिला।
इतना ही नहीं प्रधानाचार्य कुमारी शशि डीआईओएस को उपस्थिति पंजिका नहीं दिखा सकीं। स्कूल में शैक्षिक गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं मिली। निरीक्षण के दौरान डीआईओएस को स्कूल परिसर की साफ-सफाई के साथ अन्य व्यवस्थाएं भी मानक के अनुसार नहीं मिलीं।
स्कूल कर्मियों की मनमानी से नाराज डीआईओएस ने अनुपस्थित तीनों कर्मचारियों को निलंबित करते हुए प्रधानाचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए जवाब-तलब किया है।
अवकाश के दिन मध्याह्न भोजन बनाने में व्यय धनराशि राजकीय कोष में जमा करने का निर्देश दिया। डीआईओएस ने जवाब से संतुष्ट नहीं होने तथा भविष्य में स्कूल की व्यवस्था में सुधार के साथ शैक्षिक गुणवत्ता कायम नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।