उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में डॉ. वाईएस पूनिया व उनकी पत्नी डॉ. विभा मलिक के साथ मारपीट के विरोध में निजी चिकित्सक सोमवार की देर शाम हड़ताल पर चले गए।
हालांकि डाक्टरों के गुस्से को भांपकर इंस्पेक्टर मझोला के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके उन्हें लाइन हाजिर कर दिया गया था मगर इस एक्शन को आईएमए ने नाकाफी बताते हुए निलंबन और गिरफ्तारी की मांग की है। मंगलवार को शहर में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया जाएगा।
आईएमए ने सुबह को नौ बजे इमरजेंसी मीटिंग कॉल की। मीटिंग में पहुंचे डाक्टरों के समक्ष पूरा प्रकरण सिलसिलेवार रखा गया। बाद में तय हुआ कि डाक्टर जिलाधिकारी और एसएसपी से मिलकर कार्रवाई की मांग करेंगे। सभी चिकित्सक कलेक्ट्रेट पहुंचे और इंस्पेक्टर मझोला के निलंबन व गिरफ्तारी की मांग उठाई।
डीएम ने तत्काल एफआईआर दर्ज कराने व मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए। डीएम के आदेश पर इंसपेक्टर के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया गया। शाम को पुलिस कप्तान ने उन्हें लाइन हाजिर भी कर दिया।
उधर, इंस्पेक्टर मझोला की तहरीर पर डॉ वाईके पूनिया और विभा मलिक के खिलाफ मझोला थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इससे भड़की आईएमए ने हड़ताल का ऐलान कर दिया। सोमवार की शाम को करीब सात बजे से सभी निजी नर्सिंग होम पर हड़ताल की तख्ती लटक गई थी।
डॉक्टर दंपति को बेरहमी से पीटा गया है, ऐसे माहौल में काम करना मुश्किल है, इसी के चलते हमने हड़ताल का निर्णय लिया है। मंगलवार को सुबह नौ बजे हड़ताल को लेकर अगला निर्णय लिया जाएगा।
डॉ. अर्चना अग्रवाल, अध्यक्ष, आईएमए