पंचायती राज राज्यमंत्री कमाल अख्तर की मौजूदगी में मंगलवार को आयोजित सपा कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान सरकार के विरोध में नारे लगाने और पर्चे बांटे जाने पर सपाई आपा खो बैठे।
सम्मेलन छोड़ कार्यकर्ता सड़क पर आ गए। संभल से आए लोगों के वाहन पर लगा बैनर फाड़ डाला। सरकार विरोधी पर्चे फाड़कर फेंक दिए। वाहन में तोड़फोड़ और प्रचार करने वालों की पिटाई कर डाली।
प्रचार करने वाले जान बचाने को गाड़ी के पीछे की तरफ दरी के नीचे छुपे तो सपाइयों ने वाहन पर पथराव कर दिया। पुलिस के हस्तक्षेप ही उग्र लोगों को थामा जा सका।
पुलिस संभल जिला मुख्यालय संघर्ष समिति के अध्यक्ष संभल के दीपासराय निवासी डा.नाजिम, सहयोगी सैय्यद असलम समेत पांच सहयोगियों को थाने ले गई। बाद में उनका शांति भंग में चालान कर दिया गया।
शहर के मिशन कंपाउंड में मंगलवार को सपा कार्यकर्ता सम्मेलन चल रहा था। इसमें राज्यमंत्री कमाल अख्तर भी मौजूद थे। दोपहर बाद मैटाडोर पर लाउडस्पीकर लगा एक प्रचार रथ मैदान के बाहर पहुंचा।
इसके आगे जिला मुख्यालय संघर्ष समिति नाम से बैनर लगा था। इस पर खड़े हुए लोग सपा सरकार विरोधी नारेबाजी कर रहे थे। इन लोगों ने वहां पर्चे बांटने शुरू कर दिए।
इसमें सपा सरकार को अल्पसंख्यक समाज की विरोधी बताया गया था।
कहा गया था कि इसी वर्ग के वोटों से सत्ता में आने के बाद सरकार इसको भूल गई है। प्रतापगढ़ में डीएसपी की हत्या और सपा सुप्रीमो के आडवाणी प्रेम संबंधी बयानों को इनमें बढ़ा चढ़ाकर पेश किया गया था।
संभल को जिला मुख्यालय न बनाने पर टिप्पणी करते हुए सरकार पर एक जाति विशेष के हित में अल्पसंख्यक समुदाय के सात लाख लोगों की भावनाएं आहत करने की तोहमत लगाई गई थी।
पर्चे में लोकसभा चुनावों में सपा को सबक सिखाने का आह्वान किया गया था।
सम्मेलन में मौजूद लोगों की नजर इस वाहन पर पड़ी तो तमाम लोग बाहर निकल आए। सरकार विरोधी बातें लिखे पर्चे देखे तो वह उखड़ गए। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने प्रचार वाहन पर हल्ला बोल दिया।
बैनर, पोस्टर तो क्षतिग्रस्त किए ही, उसमें मौजूद लोगों को भी जमकर पीटा। वे जान छुपाने को वाहन के भीतर दरी के नीचे छुपे तो वाहन पर पथराव कर उसके शीशे तोड़ डाले।
भीतर रखा गैस चूल्हा, सिलेंडर और बर्तन आदि भी क्षतिग्रस्त कर दिए।
सम्मेलन में सुरक्षा के लिए तैनात सीओ सिटी सत्यसेन यादव ने सपाइयों को समझाने की हरचंद कोशिश की पर वह नहीं माने।
सीओ के सख्ती बरतने पर सपा कार्यकर्ता पीछे हटे तो पुलिस ने वाहन में छिपे बैठे लोगों को निकाला और अपनी गाड़ी से सिविल लाइंस थाने ले आई।
पुलिस अधिकारियों ने प्रचार वाहन का नेतृत्व कर रहे संघर्ष समिति के अध्यक्ष संभल के दीपासराय निवासी डा.नाजिम, उनके सहयोगी सैय्यद असलम, शकीलुरर्हमान, भूरा अल्वी और ड्राइवर शरीफ (सभी निवासी संभल) का शांति भंग में चालान किया है। सीओ सिटी सत्यसेन यादव ने इसकी तस्दीक की है।