शक्तिनगर। सीमा से सटे मप्र के सिंगरौली में जमीन विवाद में लाठियों से पीटकर युवक की हत्या कर दी गई। इस घटना के आरोपी युवक के बड़े पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना बैढ़न कोतवाली के बुधेला गांव की है। युवक के परिजनों ने इस मामले में राजस्व व पुलिस विभाग पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
कोतवाली बैढ़न क्षेत्र के खुटार चौकी क्षेत्र में स्थित बुधेला गांव निवासी आलोक शर्मा (24) का बड़े पिता बसंत शर्मा से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। रात में आलोक शर्मा कमरे में था। आरोप है कि बसंत शर्मा व परिवार की महिलाएं लाठी लेकर पहुंची और पिटाई शुरू कर दी।आलोक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बृहस्पतिवार की सुबह सूचना पुलिस चौकी खुटार में दी गई। आरोपी बसंत शर्मा सहित अन्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हत्या का केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। आलोक शर्मा उर्फ सोनू की मां ने पुलिस एवं राजस्व अमले पर आरोप लगाते हुए बताया कि बसंत कुमार शर्मा से जमीन विवाद में कई बार तहसील के साथ कोतवाली, एसपी दफ्तर, खुटार चौकी पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
बुधेला गांव निवासी आलोक शर्मा उर्फ सोनू की रात में हत्या कर दी गई है। आलोक की बहन ने सुबह नौ बजे जानकारी खुटार चौकी पुलिस को दी। -पीएस परस्ते, सीएसपी, विंध्यनगर (सिंगरौली)।