सोनभद्र के राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत वार में बुधवार की सुबह ट्रैक्टर पर टेंट का सामान लादते समय 11 हजार वोल्ट करंट की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने
पर पुलिस कार्रवाई में जुट गई है।
कोतवाली क्षेत्र के पड़री के मुरली गांव निवासी राजा (28) पुत्र अमर शादी विवाह में टेंट लगाने का काम करता है। वार गांव निवासी एक व्यक्ति के यहां मंगवार की रात में लड़की की शादी थी। शादी में टेंट लगाने के लिए राजा आया हुआ था। बुधवार की सुबह टेंट का सामान समेटा जा रहा था। राजा ट्रैक्टर पर टेंट में लगे पाइप को रख रहा था। इसी समय लोहे की पाइप ऊपर से गुजरे 11 हजार वोल्ट के लाइन में छू गया। करंट की चपेट में आकर राजा गंभीर रूप से झुलस गया। वहां मौजूद लोगों ने लाइन कटवाकर उसे उपचार के लिए प्राइवेट अस्पताल ले गए। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।