ओबरा क्षेत्र की मृतका-अर्चना(फाइल फोटो)स्रोत परिजन
ओबरा। नगर के सेक्टर तीन छठ घाट के पास शनिवार की सुबह अर्चना (20) का शव घर में टिन शेड के बड़ेर से दुपट्टा के सहारे लटकता मिला। घरवालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन में जुट गई है।
छोटी बहन अंतिमा का कहना है कि कुछ समय पहले तक पूरा परिवार सेक्टर तीन छठ घाट के पास स्थित मकान में ही रहता था, लेकिन वर्तमान में परिवार के सभी सदस्य भलुआ टोला क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहे हैं। शुक्रवार को भलुआ टोला में पानी उपलब्ध न होने के कारण दोपहर करीब 12 बजे अर्चना अपने पुराने मकान पर जाकर नहाने की बात कहकर घर से चली गई। वह दिन भर घर वापस नहीं लौटी। जब शाम हुई तो परिजन अर्चना को खोजते हुए घटनास्थल पर पहुंचे। रात में अंधेरा होने के कारण वह सभी अर्चना को ढूंढ नहीं पाए और घर लौट आए। शनिवार की सुबह दस बजे जब दोबारा वहां पहुंचे तो अर्चना का शव पुराने घर के बड़ेर में दुपट्टे के सहारे लटका हुआ था। प्रभारी निरीक्षक सदानंद राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।