सोनभद्र जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। चोरी के शक में एक युवक को खंभे से बांधकर पीटा गया। उसके चेहरे पर कालिख और चूना पोतकर गांव में घुमाया गया। इसका वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
सोनभद्र जिले के गांव करारी में चोरी के शक में एक युवक के साथ बर्बरता का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने युवक को पकड़ कर बिजली के खंभे से बांध दिया। उसके कपड़े फाड़ दिए और चेहरे पर चूना व कालिख पोतकर जमकर पिटाई की। इसके बाद वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। मंगलवार को पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया है।
विज्ञापन
सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने बताया कि करारी गांव के कुछ घरों से अनाज और गृहस्थी का सामान चोरी हुआ था। ग्रामीणों को गांव के एक युवक पर शक था। उनका कहना है कि युवक चोरी का सामान लेकर जा रहा था। इसी दौरान उसे पकड़ लिया गया। इसके बाद उसकी पिटाई की गई और कपड़े फाड़कर रस्सी से बिजली के खंभे में बांध दिया गया।आरोपियों ने उसके चेहरे पर चूना और कालिख पोतकर अपमानित किया।
घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने मंगलवार सुबह ओमप्रकाश, उसके पिता राजनारायण, रामसनेही और कुबेर को गिरफ्तार किया गया। दोपहर बाद रामसनेही के पुत्र मनीष यादव को भी गिरफ्तार कर लिया गया। एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया गया है।