विवाहिता तेजी से पानी में बहने लगी। इसी दौरान घाट के पार मौजूद युवक कुबेर की उस पर नजर पड़ी। महिला को बहता देख कुबेर ने साहस दिखाते हुए तत्काल ट्यूब लेकर नदी में छलांग लगा दी। उसने महिला का लगातार पीछा किया और कुछ दूरी पर जाकर महिला दिखाई दी।
युवक ने उसे पकड़ लिया और पीछे से आ रही नाव पर उसे चढ़ाया। इस दौरान युवक ट्यूब के सहारे चार किमी तक नदी में बहता हुआ आगे बढ़ा। रिहंद बांध पर बनी सभी छह टरबाइन के चलने से नदी में पानी का बहाव काफी तेज था, जिसके कारण युवक ट्यूब से काफी तेजी से आगे बढ़ता गया।
सूचना पाकर पुलिस टीम भी सक्रिय हो गई। हिंडाल्को के समीप रिवर साइड पर मौजूद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस साहसिक कार्य से महिला की जान बच गई। घटना स्थल पर चौकी प्रभारी राजेश चौबे, जीके मदान, अनिल कुशवाहा सहित कई लोग मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों ने युवक कुबेर की बहादुरी और तत्परता की जमकर सराहना की, जिसकी वजह से समय रहते महिला को नई जिंदगी मिल सकी। इस बाबत एसओ सत्येंद्र राय ने बताया कि महिला का जीवन खतरे से बाहर है। पारिवारिक विवाद में उसने छलांग लगाई थी। छानबीन की जा रही है।