Sonbhadra News: सोनभद्र जिले में हाईवे पर दर्दनाक हादसा हुआ। ट्रेलर की चपेट में आने से ट्रांसपोर्टर के मुंशी की मौत हो गई। घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
सोनभद्र जिले के एनएच 39 के अनपरा-सिंगरौली मार्ग पर बृहस्पतिवार की देर रात काम से घर लौट रहे ट्रांसपोर्टर के मुंशी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को ट्रेलर के पहिए के नीचे से किसी तरह निकाला। वाहन को कब्जे में लेकर पुलिस थाने गई।
विज्ञापन
क्या है पूरा मामला
सिंगरौली निवासी श्याम झा (28) पुत्र विरेन्द्र कुमार झा बृहस्पतिवार की देर रात काम करके वापस घर लौट रहा था। जैसे ही नेहरू चौक औड़ीमोड़ से आगे बढ़ा तो बंजारा होटल के सामने किसी बाइक से उसकी टक्कर हो गई। इस दौरान श्याम की दूसरे बाइक सवार से नोकझोंक भी हुई। इसके बाद जैसे ही वह बाइक से सिंगरौली के लिए निकला तो पीछे से आ रहे ट्रेलर की चपेट में आ गया। पहिए के नीचे के आने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से भाग गया। इस दौरान हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना पर पहुंचे अनपरा थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने वाहन को बैक कराकर शव को पहिए से बाहर निकलवाया। वाहन और शव को कब्जे में लेकर पुलिस थाने गई। इसके बाद हाईवे का जाम खुलवाया।
श्याम झा मूल रूप से बिहार प्रांत के भागलपुर का रहने वाला था। सिंगरौली में वह अपने भाई- भाभी के साथ रहता था। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। वह काशीमोड़ स्थित एक ट्रांसपोर्टर के यहां काम करता था। श्याम की मौत से परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है।