सोनभद्र। सदर ब्लाॅक के गोरडिहा गांव में शनिवार को कुश्ती दंगल में पहलवानों ने दमखम दिखाया। देर शाम तक चली प्रतियोगिता में 22 जोड़ी से अधिक कुश्तियां हुई। सबसे अधिक 25 हजार रुपये इनामी राशि वाली कुश्ती बराबरी पर छूटी।
दंगल का शुभारंभ समाजसेवी रामशकल चौबे ने पहलवानों को माला और पगड़ी बांधकर स्वागत किया। दंगल में मिर्जापुर, बनारस, चंदौली, सोनभद्र समेत अन्य जिले के पहलवानों ने हिस्सा लिया। 25 हजार रुपये की इनामी कुश्ती सोनभद्र के धर्मेंद्र और बीएलडब्ल्यू के अजीत के बीच हुई। दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे को पटखनी देने के लिए खूब जोर लगाया, लेकिन नाकाम रहे। हाजीपुर के चीनी पहलवान और पीडीडीयू नगर के इम्तियाज के 10 हजार रुपये की कुश्ती में चीनी पहलवान विजेता रहे।
आठ हजार रुपये की कुश्ती में बीएलडब्ल्यू के बृजेश ने पीडीडीयूनगर के मनोहर को पटखनी दी। पीडीडीयू नगर के गौरव और मधुपुर के अभय के बीच कुश्ती बराबरी पर रही। दंगल कमेटी के अध्यक्ष और आयोजक संतोष शर्मा ने आभार जताया। इस मौके पर ग्राम प्रधान संतोष शर्मा, मनोज शर्मा, शारदा प्रसाद, संतोष तिवारी, राजू यादव, लहरी पहलवान, रामकृष्ण आदि मौजूद रहे।