कोन। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत गिधिया के टोला चिवटहिया में शनिवार को एक व्यक्ति का नाला में शव मिला। उसके गर्दन पर गहरे जख्म मिले हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव निवासी भगवान दास (42) शुक्रवार की शाम अपने खेत का अवलोकन करने थाेड़ी दूर पर स्थित चिवटहिया नाले की ओर गया था। इसके बाद से वह नहीं लौटा। देर रात तक न आने पर परिजन उसकी खोजबीन में जुट गए, लेकिन कहीं पता नहीं चला। दोपहर में उसका शव चिवटहिया नाले से बरामद हुआ। उसके गर्दन के ऊपरी हिस्से पर चोट का निशान देख परिजन सकते में रहे।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और छानबीन की। इस संबंध में प्रभारी एसओ रवींद्र प्रसाद ने बताया कि भगवान दास को मिर्गी की बीमारी थी। आशंका है कि अचानक मिर्गी आने से पानी में गिर गया होगा। डूबने से मौत हुई है। परिजनों की सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट होगा।