धान की नर्सरी तैयार कर चुके साधन संपन्न किसान धान की रोपाई के लिए अच्छी बारिश होने का इंतजार कर रहे हैं। जून बीत जाने के बाद भी अच्छी बारिश न होने से कई स्थानों पर किसान धान की नर्सरी नहीं डाल सके हैं। इससे किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें साफ दिखने लगीं हैं। शुक्रवार को अच्छी बारिश होने की कामना के साथ घोरावल ब्लॉक के बिसरेखी गांव स्थित तालाब में वरुण देव की पूजा की गई और पूरे देश में कृषि कार्य के लिए संतुलित बारिश होने की कामना की गई।
पूर्वांचल नव निर्माण किसान मंच के नेता गिरीश पांडेय ने बताया कि अच्छी बारिश हो और किसान खेती कर सकें इस उद्देश्य से पैतृक गांव बिसरेखी में तालाब के बीच भगवान वरुण देव का आह्वान करते हुए विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। सनातन परंपरा में मान्यता है कि जल वर्षा के स्वामी वरुण देव हैं। पहले से ही अच्छी बरसात के लिए वरुण देवता के पूजन प्रार्थना का विधान है। भरोसा जताया कि निश्चित रूप से संतुलित बरसात होगी, जिससे किसानों के घर धन धान्य से परिपूर्ण होंगे और देश का आर्थिक विकास भी होगा। आचार्य अवधेश तिवारी ने विधि विधान से पूजन कराया। इस अवसर पर श्याम सुंदर पांडेय, बालकृष्ण पांडेय, बाल चंद, लाल चंद्र, यादवेंद्र दत्त, ओमप्रकाश, ठाकुर प्रसाद आदि उपस्थित रहे।