सोनभद्र रेलवे स्टेशन पर लिफ्ट निर्माण के लिए खोदा गया नींव। संवाद
सोनभद्र। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सोनभद्र रेलवे स्टेशन का कायाकल्प तेजी से अंतिम चरण की ओर बढ़ रहा है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज (एफओबी) के निर्माण के साथ अब लिफ्ट लगाने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। परियोजना पूरी होने के बाद बुजुर्गों, दिव्यांगजनों, महिलाओं और भारी सामान लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने में काफी राहत मिलेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार सोनभद्र रेलवे स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज का निर्माण लगभग 80 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इसके साथ ही दोनों प्लेटफॉर्म पर लिफ्ट लगाने के लिए नींव निर्माण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। निर्माण एजेंसी निर्धारित समय में कार्य पूरा करने में जुटी है। प्लेटफॉर्म नंबर एक और दो पर लिफ्ट के लिए नींव की खोदाई की गई है। इसके साथ ही यात्रियों के बैठने के लिए यात्री शेड का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।
स्टेशन पर सारे काम अमृत भारत योजना के तहत कराए जा रहे हैं। रेलवे स्टेशन के भवन का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। स्टेशन के दोनों प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के बैठने और प्रकाश की बेहतर व्यवस्था कराई जा रही है। इसके साथ ही आकर्षक प्रवेश द्वार, प्लेटफॉर्म सुधार और अन्य विकास कार्य भी तेजी से किए जा रहे हैं। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सोनभद्र रेलवे स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से लैस हो जाएगा। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित सिंह का कहना है कि वर्तमान में फुटओवर ब्रिज और लिफ्ट न होने से बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। लिफ्ट और नए एफओबी के शुरू होने से प्लेटफॉर्म पर आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम होगा।