नए जज्बे के साथ बेहतर कार्य का लिया संकल्प
कोल इंडिया के युवा अधिकारियों में भविष्य की चुनौतियों से निपटने का गुर पैदा करने के लिए शनिवार को एनसीएल मुख्यालय पर कार्यशाला आयोजित की गई। जेन नेक्स्ट विषयक कार्यशाला में कोल इंडिया की सभी आठ कंपनियों के उत्खनन संवर्ग के 40 युवा अधिकारियों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने नए जज्बे के साथ बेहतर कार्य का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि कोल इंडिया के निदेशक कार्मिक एवं औद्योगिक संबंध आर मोहन दास ने कहा कि एक अरब टन कोयला उत्पादन लक्ष्य हासिल करने के लिए लीक से हटकर कार्य करने की जरूरत है। एनसीएल के सीएमडी तापस कुमार नाग, निदेशक (कार्मिक) शांतिलता साहू, सीवीओ केपी वेंकटेश्वर राव, निदेशक (तकनीकी/संचालन) गुणाधर पांडेय, निदेशक (वित्त) पीएसआरके शास्त्री का कहना था कि एक अरब के बड़े लक्ष्य को पूरा करने के लिए चार वर्षों में कोल उत्पादन को दोगुना करना है।
बता दें कि वर्ष 2020 तक कोल इंडिया ने एक अरब टन कोयला उत्पादन का लक्ष्य रखा है। महाप्रबंधक (उत्खनन) तरुण कुमार ने आयोजन की उपयोगिता बताई। महाप्रबंधक (कार्मिक/मानव संसाधन विकास) टीबी राजू ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इसमे तमाम विशिष्ट लोग उपस्थित रहे।