बभनी। स्थानीय थाना क्षेत्र के इकदीरी ग्राम पंचायत के पिपराखांड गांव में सोमवार को एक महिला का शव सेमिया के पेड़ से साड़ी के फंदे से लटकता हुआ मिला। शव मिलने से गांव में सनसनी फैली गयी। इस मामले की सूचना पर पहुंची बभनी पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया।
थाना क्षेत्र के पिपराखांड़ गांव में फुलबस (26) पत्नी सुरेश कुमार का शव साड़ी के फंदे से लटकते हुए मिला। उसके भाई शिवशंकर ने फोन पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भेज दिया। सुरेश के मुताबिक फुलबस ने सुबह घर का काम किया। इसके बाद उसने कब घर से बाहर निकल कर फंदे पर झूल गई, इसका किसी को पता नहीं चला। पड़ोस में शादी पड़ने के कारण जब लोग पत्तल सिलने के लिए पत्ता तोड़ने जा रहे थे तो लोगों ने पेड़ से लटकते हुए शव देखा। सूचना पर गांव घर के लोग मौके पर पहुंच गये। फिर घटना की सूचना रिश्ते के भाई शिवशंकर ने फोन पर पुलिस को दी। थाना प्रभारी अविनाश चंद्र सिन्हा ने बताया कि सूचना के आधार पर शव को कब्जे में लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौके के कारण का पता चल सकेगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।