रामगढ़ (सोनभद्र)। पन्नूगंज थाना क्षेत्र के कूरां कलां निवासी अनीता (22) पत्नी राम अवध उफ़ॱर राजबहादुर की संदिग्ध हाल में मंगलवार को भोर में करीब चार बजे मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे अनीता के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। उसके पिता ने हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
मिर्जापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र के पुरैनिया गांव की अनीता की शादी वर्ष 2017 में हुई थी। उसके पति रामअवध का कहना है कि सोमवार को अनीता की तबीयत अचानक बिगड़ी तो उसे लेकर प्राथमिक स्वास्थ केन्द्र तियरा गये। वहां डाक्टरों ने बताया कि महिला गर्भवती है। दवा देने के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। अचानक भोर में उसकी तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई। मृतका से एक वर्ष का लड़का भी है।
सुबह इसकी सूचना ससुराल वालों ने अनीता के मायके में दी। सूचना पर मायके के लोग अनीता के ससुराल पहुंचे। काफी पंचायत के बाद जब मामला नहीं सुलझा तो दोपहर में मृतका के पिता कृष्ण कुमार ने घटना की सूचना पन्नूगंज पुलिस को दी। कृष्ण कुुमार ने आरोप लगाया है कि उसकी बेटी अनीता की हत्या कर दी गई है। उसकी शादी वर्ष 2017 में हुई थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक महेंद्र कुमार पांडेय ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा कि मौत कैसे हुई।