बभनी। स्थानीय थाना क्षेत्र के चपकी गांव में सोमवार को तालाब में डूबने से सगे भाइयों समेत तीन मासूमों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों मासूमों के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी दुद्धी भेज दिया। सोमवार को दोपहर बाद करीब ढाई बजे घर से अमन कुमार (8) पुत्र रामलगन, अमरेश चंद्र (6) पुत्र रामलगन तथा सोनू (7) पुत्र नंदलाल निवासी कन्हैयाडांड चपकी महुआ बीनने के लिए निकले।
घर से कुछ दूर सत्तीडांड में तीनों बच्चे महुआ बीनने के बाद वहीं स्थित तालाब में नहाने चले गये। तीनों बच्चे अपना कपड़ा और चप्पल वहीं बाहर निकाल कर तालाब में नहाने लगे। नहाते हुए गहरे पानी में चले गये और तीनों मासूमों की डूबने से मौत हो गई। जब देर शाम तक बच्चे घर वापस नहीं लौटे तो उनके परिजनों ने खोजबीन शुरू की। खोजते खोजते परिजन सत्तीडांड महुआ के पास पहुंचे, वहां से वे लोग तालाब की तरफ गये।
तालाब के भीटे पर तीनों बच्चों के कपड़े और चप्पल दिखाई दिये। बच्चों के कपड़े और चप्पल के आधार पर लोगों ने तालाब में खोजना शुरू किया। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तालाब में गोताखोर की मदद से खोजबीन शुरू कराई। काफी मशक्कत के बाद करीब साढ़े नौ बजे रात में तीनों बच्चों के शव बरामद हुए। तालाब से शव निकलने के बाद शव को देखते ही रामलगन बेहोश हो गया।
चाचा संतोष कुमार की तहरीर पर पुलिस ने तीनों मासूमों के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेजवा दिया। प्रभारी निरीक्षक अविनाश चंद्र सिन्हा ने बताया कि मृतकों के चाचा संतोष कुमार की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है, ताकि परिवार को सरकारी सहयोग दिलवाया जा सके।