सलखन। चोपन थाना क्षेेत्र के बसकटवा मोड़ पर बुधवार को दोपहर तीन बजे अज्ञात वाहन से कुचल कर साइकिल सवार महिला की मौत हो गई। जबकि पति बाल-बाल बच गया। दोनों बैंक से रुपये निकाल कर घर जा रहे थे कि हादसे का शिकार हो गए। पुलिस ने ट्रक चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया है।
पटवध गांव निवासी लालचंद अपनी पत्नी मुनिया को साइकिल से लेकर चोपन में सिंदुरिया रोड पर स्थित इलाहाबाद बैंक से रूपये निकालने गया था। दोनों साइकिल से घर लौट रहे थे। बसकटवा मोड़ के पास पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें धक्का मार दिया। इससे लालचंद कुछ दूर जाकर गिरा और बाल-बाल बच गया। जबकि उसकी पत्नी सड़क पर ही गिर गई। उसका एक पैर साइकिल में फंस गया था। इसी बीच पीछे से आ रहे एक हाइवा ने पत्नी मुनिया (35) को रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हाइवा का चालक कुछ दूर जाकर वाहन को खड़ा कर दिया। इसी बीच सूचना पाकर चोपन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चालक तथा खलासी को गिरफ्तार कर लिया।