जनपद में रक्षाबंधन का त्योहार शनिवार को धूमधाम से मनाया गया। बहनों ने तय मुहूर्त में भाइयों की कलाइयों में राखी बांधी और उनके दीर्घायु की कामना कर उनसे रक्षा का संकल्प लिया। भाइयों ने भी बहनों को तरह-तरह के उपहार भेंट किए और उन्हें सुरक्षा का वचन दिया। बाजार में रक्षाबंधन पर्व पर चहल-पहल रही। मिठाइयों की दूकानों पर सुबह से ही लोगों की भीड़ देखी गई।
भाई-बहनों का पवित्र रक्षाबंधन पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। बहनों ने भूखे पेट भाइयों की आरती उतार कर कलाइयों में राखी बांधी। इस दौरान भाइयों ने बहनों को उनकी रक्षा करने का भरोसा दिलाया। पूरे दिन मिठाई और राखी की दूकानों पर भीड़ लगी रही। राबर्ट्सगंज के विकास नगर में स्थित प्रजापति ब्रम्हकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की ओर से रक्षाबंधन का पर्व सेवा संकल्प दिवस के रूप में मनाया गया। संस्था की प्रभारी बीके सुमन बहन और प्रतिभा बहन ने लोगों को राखी बांध कर उनके मंगलमय जीवन हेतु ईश्वर से प्रार्थना की। दोनों बहनों ने सांसद छोटेलाल खरवार, डीएम संजय कुमार, एसपी शिवशंकर यादव, जिलाजज धर्मवीर सिंह समेत अन्य को राखी बांधी। इस मौके पर रीता, सरोज, सुरेश तिवारी, राजीव शुक्ला, बीके गोपाल, अमित मौजूद रहे। घोरावल संवाददाता के मुताबिक क्षेत्र में रक्षाबंधन पर्व पर बहनों ने भाइयों को मिठाई खिला कर कलाई में राखी बांध उनसे अपनी सुरक्षा करने का संकल्प लिया। दुद्धी प्रतिनिधि के मुताबिक क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया गया।
उधर, ऊर्जांचल में शनिवार को भाई बहन के अटूट प्रेम का पर्व रक्षाबंधन धूमधाम से मनाया गया। बहनों ने तिलक लगाकर एवं मुंह मीठा कराकर भाइयों की कलाई पर स्नेह की डोर बांधी और उनसे रक्षा का वचन मांगा। पुरोहितों ने यजमान को रक्षा बांधने की परंपरा निभाई। जगह-जगह श्रावणी कर्म (पंचगव्य सेवन) का भी आयोजन किया गया।
श्रावण पूर्णिमा पर मनाए जाने वाले पर्व को लेकर सुबह से ही उत्साह बना रहा। अनपरा, कुलडोमरी, औड़ी, रेणुसागर, बीजपुर, ककरी, बीना, खडिय़ा, शक्तिनगर सभी जगह रक्षाबंधन की धूम रही। सुबह से ही बहनें भाइयों को राखी बांधने में लगी रहीं। शादीशुदा बहनों ने भाइयों को राखी भेजी या फिर खुद आकर राखी बांधी। इसी तरह भाई भी बहनों के घर जाकर राखी बंधवाए। दूर रहने वाले भाइयों को राखी भेजकर पर्व मनाया गया।
दुल्लापाथर में मिथिलेश सिंह की अगुवाई में श्रावणी कर्म का आयोजन हुआ। पुरोहित ने वहां मौजूद लोगों से रक्षा बांध कर सद्मार्ग पर चलने एवं देशरक्षा का वचन लिया। बीजपुर : एनटीपीसी की रिहंद परियोजना के आवासीय परिसर स्थित लिटिल किंगडम एक एवं दो के स्कूली बच्चों को वर्तिका महिला मंडल टीम ने राखी बांध कर रक्षाबंधन पर्व मनाया।
बतौर मुख्य अतिथि महिला मंडल की उपाध्यक्षा बबली चक्रवर्ती, विशिष्ट अतिथि सावनी बासु और सुपाली पाल ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम शुभारंभ किया।
इसके बाद तिलक लगाकर स्कूली बच्चों को राखी बांधी गई। इस दौरान उनमें पठन पाठन सामग्री और मिष्ठान्न का भी वितरण किया गया। इस मौके पर प्रधानाध्यापिका पुष्पा चंद, प्रतिभा सिंह, नीलम कश्यप, श्रद्धा श्रीवास्तव, अनीता, मैत्रेयी, चंदा, शशि, मधु, नम्रता, अंजना, सोमीता आदि रहीं ।