अब वक्त ए जुदाई है मुझे अलविदा कह दो, अब जाने का वक्त है मुझे अलविदा कह दो। अलविदा, अलविदा ऐ माहे रमजान। जिले भर में अलविदा जुमे की नमाज अकीदत और पाकीजगी के साथ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अदा की गई। 66 जगहों पर नमाज दोपहर बाद पढ़ाई गई। इस दौरान लोगों ने अमन-चैन की दुआएं मांगी। बाद नमाज लोगों ने एक-दूसरे को आने वाली ईद की मुबारकबाद दी। इसी के साथ ईद की तैयारी भी तेज हो गई।
मुबारक रमजान महीने के आखिरी जुमे की नमाज के लिए मस्जिदों में मुकम्मल इंतजाम किये गए थे। राबर्ट्सगंज के जामा मस्जिद में इमाम मौलाना सगीर अहमद ने नमाज पढ़ाया। यहां मस्जिद में नमाजियों के बैठने की जगह न होने के नाते मस्जिद के सामने मेन मार्केट की सड़क पर नमाज अदा करने के लिए इंतजाम किये गए थे। कड़ी धूप को देखते हुए यहां अंजुमन इस्लामियां कमेटी के ओर से टेंट लगवाया गया।
इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन भी रोक दिया गया था। नमाज के बाद सदर विधायक अविनाश कुशवाहा, रामसकल चौबे, इंद्रदेव सिंह, रतनलाल गर्ग, रोशन लाल यादव, विकास मित्तल, अशोक जैन, रामेश्वर शुक्ला आदि ने मुस्लिम समाज के लोगों को आने वाले ईद की बधाई दी। इस दौरान अंजुमन इस्लामियां कमेटी के सदर मुश्ताक अहमद, हिदायत उल्ला खां, पूर्व सदर मुर्तजा अंसारी, अजहर खां, रोशन खां, एजाज अहमद कादरी समेत तमाम लोग मौजूद रहे। पूरब मोहाल मस्जिद में मौलाना खुर्शीद आलम ने नमाज पढ़ाया। चुर्क संवाददाता के अनुसार बाजार में स्थित मस्जिद में हाफिज मोहम्मद अरशद अली ने अलविदा की नमाज पढ़ाया।
इसी तरह शाहगंज, घोरावल, कोन, रामगढ़, चोपन, तकिया, रेणुकूट आदि क्षेत्रों में भी अलविदा की नमाज अकीदत और पाकीजगी के साथ अदा की गई। दुद्धी प्रतिनिधि के अनुसार जामा मस्जिद में हजरत नसीरे मिल्लत और कादरिया गर्ल्स इंटर कॉलेज मल्देवा में हाफिज अब्दुल रज्जाक ने नमाज अदा कराई। इस दौरान एसडीएम डा. विश्राम सिंह, सीओ लक्ष्मण राय, कोतवाल और पीएसी तैनात रही। ओबरा प्रतिनिधि के अनुसार जामा मस्जिद में मोहम्मद हाफिज कारी असलम ने अलविदा की नमाज अदा कराई गई। यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। इसके अलावा नूरी मस्जिद, कुरैश नगर स्थित मदीना मस्जिद और मिल्लत नगर मस्जिद में नमाज अदा हुई।