जिले में बारिश और हवाओं के चलते होने वाले जनहानि और पशु हानि को लेकर जिला प्रशासन गंभीर हो गया। इस पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। एडीएम सहदेव मिश्रा ने अधीक्षण अभियंता विद्युत विभाग मिर्जापुर मंडल को प्रत्येक जर्जर बिजली के खंभों और तारों को ठीक कराकर रोस्टर के अनुसार आपूर्ति कराने के लिए पत्र लिखा है। उन्होंने एसी से सप्ताह भर में ठीक कराकर अनुपालन आख्या देने की बात कहीं है। उधर बिजली विभाग ने खंभों और तारों को दुरुस्त कराने में जुट गया है।
जिले का अधिकांश क्षेत्रफल जंगल और पहाड़ों से आच्छादित है। हल्की बारिश और हवा चलने पर कहीं न कहीं बिजली के खंभे और तार टूटकर गिरते रहते हैं। इस वजह से जनहानि और पशु हानि होती रहती है। हवा के चलते पूर्व में बिजली के खंभे और तार टूटकर कई मकानों गिर चुके है। जबकि हर साल सरकार बिजली विभाग को जर्जर तारों और खंभों को बदलने या ठीक करने के लिए लाखों रुपये देती है। इसके बावजूद मानपुर, बिच्छी, उरमौरा, बरकरा, जैत, निपराज, ममुआ, बुड़हर, लोढ़ी, मारकुंडी, परासी, पवर, ऊचडीह, अधवार, वैनी, देवरी समेत सैकड़ों गांवों में बिजली के अधिकांश खंभे और तार जर्जर हो चुके हैं। पिछले वर्ष बरकरा गांव में बिजली के टूटकर गिरे तार में प्रभावित हो रहे करेंट की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इसी तरह से पहले कई लोगों की मौतें हो चुकी है, फिर भी बिजली विभाग जर्जर खंभों और तारों को ठीक कराने में रुचि नहीं ले रहा है। हालांकि प्रशासन अब इसे गंभीर मानते हुए तारों को दुरुस्त कराने में जुट गया है। एडीएम सहदेव मिश्रा ने बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता को पत्र लिखकर जर्जर बिजली के तारों और खंभों को ठीक कराकर रिपोर्ट मुहैया कराने की बात कही है।
अधीक्षण अभियंता विद्युत विभाग मिर्जापुर मंडल को प्रत्येक जर्जर बिजली के खंभों और तारों को ठीक कराकर रोस्टर के अनुसार आपूर्ति कराने के लिए पत्र लिखा गया है। एसी को सप्ताह भर में ठीक कराकर अनुपालन आख्या देने को भी कहा गया है। - सहदेव मिश्रा, अपर जिलाधिकारी