सोनभद्र। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिले भर में रविवार को लोग योगाभ्यास करेंगे। कोविड 19 के संक्रमण से बचाव के लिए इस बार योगाभ्यास सामूहिक रूप से नहीं होगा। इसको लेकर जिलाधिकारी एस. राजलिंगम व पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव ने कलेक्ट्रेट में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का मकसद योग के जरिए स्वास्थ्य को बढ़ाते हुए प्रतिरोधात्मक क्षमता को बढ़ाना, तनाव से राहत प्रदान करना और योगाभ्यास से भलाई की भावना को बढ़ाना है। 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम के बजाय, जिले के लोग अपने घर पर परिवार के साथ सुबह सात बजे से करेंगें। योगाभ्यास करने का वीडियो अपने सोशल मीडिया पर अपलोड करेंगे। जिले के अधिकारी अपने-अपने घरों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर योगाभ्यास करने के साथ ही प्रमाण के रूप में वीडियो क्लिप भेजेंगें। किसी भी हाल में सामूहिक योगाभ्यास न किया जाए। घरों में किये जाने वाले योगाभ्यास में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए सैनिटाइजेशन किया जाए। उन्होंने कहा कि डीआईओएस व बीएसए स्कूली बच्चों व शिक्षकों के जरिए घरों पर योगाभ्यास करने संबंधी गांव स्तर तक प्रचार-प्रसार करें।
डीपीआरओ, एसडीएम, बीडीओ, डीएसओ अपने-अपने संबंधित सुलभ संसाधनों के जरिए लोगों को जागरूक करें। प्रथम चरण के तहत योगाभ्यास करते हुए प्रतिभागियों को अपनी तीन से पांच मिनट की वीडियो क्लिप बनानी होगी, इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया पर अपलोड करना होगा और उत्तर प्रदेश राज्य आयुष के सोशल मीडिया पेज, हैंडिल्स को टैग करना होगा। दूसरे चरण में आयुष कवच एप का इस्तेमाल कर रहे प्रतिभागियों के एप पर लागिन कर पंजीकरण करने का विकल्प उपलब्ध रहेगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पुरूष व महिला वर्ग की तीन-तीन श्रेणियां निर्धारित की गयी है, जिसमे 5 से 17 वर्ष, 18 से 60 वर्ष व 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को शामिल किया जाना है। प्रतियोगिता में बालक, बालिका, पुरूष, महिलाएं व बुजुर्ग भी शामिल होंगें। बैठक में एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह, डिप्टी कलेक्टर प्रकाश चंद्र, सीएमओ एसके उपाध्याय, डीडीओ रामबाबू त्रिपाठी, डीसी मनरेगा टीबी सिंह, डीएसओ डॉ. राकेश तिवारी मौजूद रहे।