शक्तिनगर। पड़ोसी जिले सिंगरौली (मध्यप्रदेश) के बसौड़ा गांव में बुधवार की रात पत्नी का सिर काट कुल देवी को चढ़ाने के मामले में गिरफ्तार आरोपी पति के बयान से पुलिस की जांच की दिशा ही बदल गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसे पत्नी के चरित्र पर संदेह था जिसके चलते उसने पत्नी की हत्या की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुलिस अवैध संबंध, तंत्र-मंत्र और आरोपी के मानसिक स्थिति को केंद्र में रख कर जांच कर रही है।
बुधवार की रात बैढ़न कोतवाली क्षेत्र के सासन चौकी इलाके में स्थित बसौड़ा गांव के छीपा टोले में बिट्टी केवट (45) की उसके पति ने ही हत्या कर दी थी। मृतका के पुत्रों की सूचना पर पहुंची पुलिस को मृतका का धड़ घर के कमरे में और सिर चौरे (पूजा स्थल) पर मिला था। मृतका के बड़े बेटे सुवेंद्र ने पुलिस को बताया मां की हत्या कर उसके पिता बृजेश केवट ने सिर को उपासना स्थल पर चढ़ा दिया और धड़ को घर के कमरे में गाड़ दिया। पुलिस ने धड़ व शव बरामद करने के साथ आरोपी पति बृजेश को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने आरोपी और उसके बेटों का बयान लिया। पूछताछ के दौरान बताया कि आरोपी ने बताया कि पत्नी का गांव के एक व्यक्ति से अवैध संबंध था। कई बार उसे कई बार समझाने के बाद भी पत्नी नहीं मानी। इस वजह से उसने कुल्हाड़ी से पत्नी को काट कर मौत के घाट उतार दिया। वहीं बिट्टी ने पहले पति की शिकायत की ती लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की लेकिन कार्रवाई नहीं करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई न होने को लेकर लोगों में तरह-तरह का चर्चा है। आरोप है कि पुलिस कर्मियों को बचाने के लिए पुलिस आरोपी पति के बयान को सही ठहराने की कोशिश कर रही है। सिंगरौली के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप शेंडे ने बताया कि पुलिस प्रकरण से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।