Sonbhadra News: सोनभद्र जिले में सड़क हादसे में पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति घायल हो गए। घटना उस समय हुई जब दोनों बाइक से बांजे का जन्मदिन मनाने के लिए जा रहे थे।
वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के तेंदू गांव के पास बृहस्पतिवार की देर शाम बेकाबू वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार पुष्पा देवी (58) की मौत हो गई। हादसे में पति गोपाल सिंह (62) को भी गंभीर चोट आई। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
विज्ञापन
क्या है पूरा मामला
घोरावल कोतवाली क्षेत्र के मसिआदीनाथ गांव निवासी गोपाल सिंह अपनी पत्नी पुष्पा देवी को लेकर भांजे का जन्मदिन मनाने रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के कुशी गांव जा रहे थे। वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर तेंदू गांव के पास वह कुशी गांव जाने वाले मार्ग के लिए मुड़े थे, तभी तेज गति में आ रहे चार पहिया वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर से बाइक सवार दंपती सड़क पर गिर गए। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने पुष्पा देवी को मृत घोषित कर दिया। उनके सिर में गंभीर चोट आई थी। गोपाल सिंह का उपचार चल रहा है।
गोपाल रॉबर्ट्सगंज में पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास जूते की दुकान चलाते हैं। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन अस्पताल पहुंचे। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। कोतवाली प्रभारी रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।