सोनभद्र। पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय बहुआर में सोमवार को आयोजित पुरातन छात्र सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें पुराने छात्र मिले तो अपनी पुरानी यादों को साझा किया। उन्होंने विद्यालय से जुड़े अपने अनुभव सुनाए और कॅरियर के लिए छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन भी किया।
सम्मेलन में विद्यालय से शिक्षा प्राप्त पूर्व छात्र शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुभवों के साथ भविष्य की चुनौतियों और अवसरों पर मार्गदर्शन दिया। पूर्व छात्रों ने शिक्षा में अनुशासन, गंभीरता और लक्ष्य निर्धारण को सफलता का मूल मंत्र बताया। सम्मेलन में प्रमुख रूप से शामिल पुरातन छात्रों में आईआईटी बीएचयू के गौरव, शुभम दत्त मिश्र, बृजेश, बीएचयू के अंकित मौर्य, जितेंद्र, अलका मौर्य, मेडिकल कॉलेज सोनभद्र के डॉ. विजयानंद त्रिपाठी, डॉ. अखिलेश वैश्य, साफ्टवेयर इंजीनियर सौरभ, मोहम्मद फ़ैज़, अजय कुमार आदि शामिल रहे। छात्र-छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी अतिथियों का मन मोह लिया। विद्यालय के प्राचार्य अंशुमान सिंह ने पुरातन छात्रों का स्वागत करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। पुस्तकालय अध्यक्ष केके सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया।