सोनभद्र। निकाय निकाय चुनाव को सकुशल एवं निष्पक्ष ढंग से कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस लिया है। 307 मतदेय स्थलों में से 25 अति संवेदनशील प्लस बूथों की वेबकास्टिंग होगी। इसके लिए प्रशासन ने संवेदनशील प्लस बूथों की सूची तैयार कर ली है।
निकाय चुनाव के तारीखों का एलान होने के बाद प्रशासन की ओर से मतदान को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिले की इकलौती नगर पालिका राबर्ट्सगंज के अलावा नौ नगर पंचायतों के 144 वार्डों में 307 मतदेय स्थलों पर 11 मई को वोट डाले जाएंगे। इसके लिए नामांकन की प्रक्रिया जारी है। उधर, प्रशासनिक और पुलिस के अधिकारी भी चुनाव को सकुशल संपन्न की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। डीएम चंद्र विजय सिंह की ओर से चुनाव में लगे सभी अधिकारी और कर्मियों को सख्त हिदायत दी गई है कि आयोग के निर्देशानुसार ही चुनाव की कार्रवाई को पूर्ण कराई जाए। जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी जगरूप पटेल ने बताया कि नगर पालिका राबर्ट्सगंज के अति संवेदनशील प्लस 18, नगर पंचायत ओबरा के 05, दुद्दी के 02 मतदेय स्थलों की वेबकास्टिंग कराई जाएगी। इसके लिए तैयारियां की जा रही हैंं। कहा कि चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा।