सोनभद्र के बभनी में बीती रात तेज आंधी तूफान से बिजली के पांच खंभे टूटकर गिर पड़े। इससे पूरी रात बिजली गुल रही। बिजली गुल रहने के कारण उमस भरी गर्मी से रात भर लोग छटपटाते रहे।
विज्ञापन
अवर अभियंता बिहारी लाल ने बताया कि 33 केवी लाइन के दो खंभे लैराटोला में टूटकर गिर गए। जबकि सागोबांध रूट पर तीन खंभे 11 हजार लाइन के टूटे हैं। सुबह से टूटे हुए खंभों को ठीक कराने की कोशिश जारी रही। दोपहर बाद बिजली आपूर्ति बहाल हुई।
आए दिन बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि हल्की भी आंधी तूफान और बारिश हो जाने से बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है। इतना ही नहीं आंधी से आम की फसल को भी भारी नुकसान पहुंचा है। क्षेत्र के ग्रामीणों उमेश चंद्र, पवन कुमार, सुनील कुमार, शंकर प्रसाद, सुरेश चंद्र, सुरेंद्र कुमार, ललित, रामचंद्र आदि ने तत्काल बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
विज्ञापन
आंधी से उड़े कई घरों के छप्पर और टीन शेड
सदर विकासखंड अंतर्गत सलखन न्याय पंचायत में बुधवार की रात आई आंधी ने काफी क्षति पहुंचाई। कई घरों के खपरैल, टीन शेड और सीमेंट शेड भी आंधी में उड़ गए। गरीब परिवारों ने किसी तरह खुले आसमान के नीचे रात बिताया।
बेलछ के प्रधान श्याम नारायण सिंह गोंड ने बताया कि ग्राम पंचायत बेलछ टेकाम में फूलवंती पत्नी प्रकाश के खपरैल के मकान पर लगा सीमेंट शेड उड़ गया। घर में लगे बांस-बल्ली भी गिर गए। संयोग रहा कि सभी परिवार के सदस्य घर से बाहर निकल गए थे। वहीं सलखन के मुनगा टोला निवासी तेगबहादुर गुप्ता का मकान क्षतिग्रस्त हो गया। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।