गुरुवार की दोपहर में बारिश होने सें मौसम खुशनमा हो गया। मूसलाधार बारिश से खेतों में पानी दिखाई देने लगा, वहीं सड़कें कीचडय़ुक्त हो गईं। शहर कोतवाली के कार्यालय में घुटने भर पानी लग गया। राबर्ट्सगंज की सड़कों पर पानी एकत्र होने से राहगीरों को आने जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बरसात का पानी सड़कों पर फैलने से एकबारगी नगर पालिका केे द्वारा नाली की सफाई के बाबत किए गए दांवे की पोल खुल गई।
राबर्ट्सगंज जिला मुख्यालय और आसपास के गांवों में दोपहर करीब डेढ़ बजे बारिश शुरू हुई तो किसानों के चेहरे खिल उठे। घंटे भर मूसलाधार बारिश होने से शहर कोतवाली के कार्यालय, बंदी गृह और मालखाने में पानी जमा हो गया। पुलिस कर्मियों ने कड़ी मेहनत कर पानी बाहर किया। वहीं नगर के बढ़ौली चौक से रामलीला मैदान, चंडी तिराहा और धर्मशाला चौक के समीप सड़क पर पानी जमा होने से सबसे अधिक राहगीरों को आने-जाने में दिक्कतें हुई। बता दें कि यह समस्या नालियों की साफ-सफाई न होने के कारण हुई, क्योंकि निकासी न होने के कारण हल्की बारिश होने पर नाबदान और बारिश का पानी सड़कों पर एकत्र हो जाता है।