अनपरा नगर पंचायत के वार्डों के परिसीमन और नवीन नामों के गठन के बाद सोमवार को इनसे संबंधित आपत्ति व सुझाव के लिए लोगों के साथ नगर पंचायत अधिकारियों ने बैठक की। इस दौरान एनएसयूआई नेता अंकुश दुबे ने वार्ड संख्या छह का नाम अटल नगर से बदल कर पूर्व सांसद रामप्यारे पनिका के नाम पर रखे जाने की मांग की है।
इससे संबंधित ज्ञापन उन्होंने प्रमुख सचिव नगर विकास अनुभाग सहित आयुक्त विन्ध्याचल मंडल, जिलाधिकारी एवं प्रशासक और ईओ को सौंपा है। ज्ञापन में उन्होंने बताया कि सोनभद्र के पूर्व सांसद, विधायक, संसदीय सचिव स्व. रामप्यारे पनिका का मकान नगर पंचायत अनपरा में सम्मिलित क्षेत्र औड़ी में है। परिसीमन में उस क्षेत्र को वार्ड संख्या छह में रखा गया है। उन्होंने बताया कि रामप्यारे पनिका का अनपरा समेत सोनभद्र में समस्त सामाजिक, राजनीतिक संगठन के लोग उनका आदर व सम्मान करते हैं। ऐसे में आमजन की प्रबल इच्छा है कि प्रस्तावित वार्ड संख्या छह का नामकरण स्व. रामप्यारे पनिका के नाम पर किया जाए। इससक पूर्व सांसद व दलित आदिवासी समुदाय के नेता का सम्मान हो सके।