विधानसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए बुधवार को फोर्स के साथ एसडीएम रमेश कुमार ने विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण किया। तिलौलीकला, खुटहनियां और पटेहरा में बूथों के निरीक्षण के दौरान अफसरों ने वहां सुरक्षा, बिजली, पानी, रैंप आदि की व्यवस्था देखी। शत प्रतिशत मतदान के लिए मतदाताओं को जागरूक किया। कोविड टीकाकरण का भी हाल जाना।
एसडीएम ने कोविड टीकाकरण की समीक्षा करते हुए सरकारी कोटे की दुकानों पर टीकाकरण की जानकारी ली। आशा कार्यकर्ताओं और पंचायत मित्रों को शत प्रतिशत टीकाकरण के लिए प्रेरित किया। एसडीएम रमेश कुमार ने बताया कि मतदान को प्रभावित करने वाले कारकों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्यवाही की जा चुकी है। वहीं ऐसे तत्वों से प्रभावित होने वाले व्यक्तियों से मिलकर उन्हें भयमुक्त होकर निष्पक्ष रूप से मतदान करने के लिए प्रेरित किया गया। पूरे गांव में सीओ संजीव कटियार और पुलिस फोर्स के साथ रूट मार्च किया। स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न प्रकार के मोबाइल ऐप और कार्यक्रमों के बारे में मतदाताओं को जानकारी दी गई। पांच जनवरी को प्रकाशित मतदाता सूची में शामिल न होने वाले 18 वर्ष से अधिक के व्यक्तियों को फार्म 6 भरकर स्थानीय बीएलओ को देने या ऑनलाइन वोटर हेल्पलाइन, एनवीएसपी पोर्टल के माध्यम से रजिस्ट्रेशन करने के बारे में बताया गया। इस अवसर पर सीओ संजीव कटियार, बीडीओ रमेश कुमार यादव इत्यादि रहे।