ट्राफी के साथ एनटीपीसी विंध्याचल की टीम।
- फोटो : SONBHADRA
एनटीपीसी विंध्याचल के डॉ. बीआर आंबेडकर स्टेडियम में वीएसआर क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच शुक्रवार को एनटीपीसी सिंगरौली और विंध्याचल के मध्य खेला गया। रोमांचक मुकाबले में मेजबान विंध्याचल ने सिंगरौली (शक्तिनगर) को परास्त कर खिताब जीत लिया।
टूर्नामेंट में एनटीपीसी की तीनों परियोजनाओं (एनटीपीसी विन्ध्याचल, एनटीपीसी सिंगरौली और एनटीपीसी रिहंद) के खिलाड़ियों ने भाग लिया। शुभारंभ महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) ई. सत्य फनी कुमार ने किया। पहला मैच एनटीपीसी विंध्याचल और एनटीपीसी रिहंद के मध्य खेला गया जिसमें विंध्याचल ने छह विकेट से जीत हासिल की। दूसरा विंध्याचल और सिंगरौली के मध्य खेला गया जिसमें विंध्याचल ने 104 रन से जीत हासिल की। तीसरा मैच सिंगरौली एवं रिहंद के बीच खेला गया। एनटीपीसी सिंगरौली 20 रन से जीत दर्ज किया।
फाइनल मैच एनटीपीसी विंध्याचल और एनटीपीसी सिंगरौली के बीच खेला गया। टूर्नामेंट के फाइनल मैच में एनटीपीसी विंध्याचल ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 150 रन बनाए। इसके जवाब में एनटीपीसी सिंगरौली की टीम एक तेज शुरुआत के बावजूद 99 रन पर आल आउट हो गई। इस तरह टूर्नामेंट का फाइनल मैच टीम विंध्याचल ने 51 रनों से जीतकर वीएसआर क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना दबदबा कायम रखा। हरफनमौला प्रदर्शन के लिए टीम विंध्याचल के कप्तान मुकेश अम्ब को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। विंध्याचल के मनिकांत राउत को बेस्ट बॉलर ऑफ द टूर्नामेंट व अमित कुमार सिंह को बेस्ट बैट्समैन ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। एनटीपीसी सिंगरौली के विवेक गुप्ता को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।