हाथीनाला। चोपन ब्लॉक के कोटा ग्राम पंचायत के टोला तेलगुड़वा पश्चिमी के ग्रामीणों ने विद्युतीकरण किए जाने की मांग करते हुए रविवार को तेलगुडवा संपर्क मार्ग स्थित पानी टंकी के पास प्रदर्शन किए। जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए टोला में विद्युतीकरण कराए जाने की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण सोनू गुप्ता, राजकुमार खरवार, रीता देवी, भगवती देवी, सुमन देवी ने बताया कि वे सभी कोटा के टोला तेलगुड़वा पश्चिमी के रहने वाले हैं। इस टोला में चार सौ घर है। अभी तक इस टोला में विद्युतीकरण नहीं हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2020 में विद्युतीकरण योजना के तहत तेलगुड़वा मार्ग होते हुए हम सभी के टोले में सोनवा बैगा घर के सामने सड़क पर विद्युतीकरण के लिए सीमेंटेड खंभा लगा कर अधूरा छोड़ दिया गया है।
वहां से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूरी पर स्थित लगभग चार सौ अधिक घरों वाले टोला तक खंभा नहीं लग सका। निगम की तरफ से कुल लोगों के घरों में मीटर भी लगवाए गए थे, लेकिन बाद में उसको निगम के अधिकारी निकाल कर ले गए। ग्रामीणों ने टोला में विद्युतीकरण कराने की मांग की है।
प्रदर्शन करने वालों में वासदेव, विजय गुप्ता, पन्नालाल, लालू बैगा, जनकधारी बैगा, मोहन गुप्ता, शिव प्रसाद, राम सिंह, शिवदास बैंगा, नंदलाल अगरिया, गुड्डू गुप्ता, लक्ष्मण, दिनेश गुप्ता, सुनील, ओमप्रकाश गुप्ता आदि शामिल रहे।