सड़क व नाली बनवाने की मांग को लेकर बिल्ली गांव के दर्जनों ग्रामीणों ने शुक्रवार को मोतीचंद चौराहा पर प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने नगर पंचायत के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। गांव निवासी रजत शर्मा व जय प्रकाश ने बताया कि बीते 21 मई को एसडीएम ओबरा व 27 मई को ओबरा नगर पंचायत में पत्र देकर सड़कों पर तत्काल रूप से भस्सी गिराकर राहत दिलाने की मांग की गई थी।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में गांव की स्थिति इतनी खराब हो गयी है कि मोती चौराहा से आंबेडकर रोड पर चलना मौत को दावत देने के बराबर हो गया है। मार्ग पर घुटने से अधिक जल जमाव हुआ है। इस मार्ग पर बने बड़े बड़े गड्ढों में पानी भर जाने से अक्सर बाइक सवार फंसकर गिर जा रहे हैं। लोग इस मार्ग पर चलने से कतरा रहे हैं। वहीं नालियां नही होने से घरों का पानी भी सड़क पर ही बह रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि नगर पंचायत ने इन समस्याओं को समाधान जल्द नही किया तो ग्रामीण बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शन में रजत शर्मा, जय प्रकाश, प्रदीप कुमार, विशाल अंबेडकर,राहुल शर्मा, जितेन्द्र, राकेश, बब्बू मिस्त्री, लल्ली, संजय कुमार, आकाश कुमार, राम, वीरेन्द्र, सूरज, रोशन कुमार आदि रहे।